चंडीगढ़, 20 जुलाई (भाषा) पंजाब और हरियाणा पुलिस को वांछित दो गैंगस्टरों को अफ्रीकी देश अंगोला में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी हरियाणा विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) द्वारा किए गए प्रयासों के बाद हुई है। पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पंजाब पुलिस एजीटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विक्रमजीत सिंह बराड़ ने बताया कि ‘लॉन्ग आर्म’ नामक एक विशेष अभियान के तहत वरिंदर जोबन और मनजोत को पकड़ा गया है।
पंजाब पुलिस एजीटीएफ और ‘ओवरसीज फ्युजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल’ (ओएफटीईसी) पंजाब ने हरियाणा एसटीएफ तथा केंद्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर तीन महीने तक चले गोपनीय जानकारी आधारित अभियान के बाद यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
बराड़ ने बताया कि जोबन पंजाब में हत्या के चार सनसनीखेज मामलों में वांछित था, जबकि मनजोत हरियाणा में आपराधिक मामलों का सामना कर रहा था।
पंजाब सरकार ने जोबन की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले के लिए पांच लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।
अधिकारी ने कहा, ‘जोबन पर पांच लाख रुपये का इनाम था और वह फर्जी पासपोर्ट पर देश से फरार हो गया था।’
उन्होंने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के बाद संबंधित अधिकारियों ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘ऐसे वांछित अपराधियों को कानून का सामना करना पड़ेगा।’
पंजाब पुलिस ने विदेश में छिपे गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण में तेजी लाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) आशीष चौधरी के नेतृत्व में ओएफटीईसी का गठन किया है।
भाषा सुमित रंजन
रंजन