झारखंड के कोडरमा में हाथियों के हमले में नाबालिग समेत दो की मौत

Ads

झारखंड के कोडरमा में हाथियों के हमले में नाबालिग समेत दो की मौत

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 12:34 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 12:34 PM IST

कोडरमा, 22 अप्रैल (भाषा) झारखंड को कोडरमा जिले में मंगलवार देर रात दो अलग-अलग घटनाओं में हथियों के झुंड के हमले में कुचले जाने से एक नाबालिग सहित दो लोगों की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह घटना जयनगर थाना क्षेत्र के कांजियाडीह पंचायत स्थित दो ईंट भट्ठा क्षेत्रों में मंगलवार देर रात करीब दो बजे हुई।

डोमचांच के वन क्षेत्र अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात 22 हाथियों का एक झुंड पंचायत में दाखिल हुआ था। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम झुंड को खदेड़ा रही थी।

कुमार ने कहा, ‘रास्ते में एक ईंट भट्ठा इकाई है जिसके मालिक को हाथियों की आवाजाही के बारे में सूचित किया गया था, लेकिन उसने अपने श्रमिकों को इसकी जानकारी नहीं दी। वहां 20 मजदूर सो रहे थे। हाथियों के आने पर वे भाग निकले, लेकिन 40 वर्षीय एक श्रमिक हाथी के हमले का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।’

कुमार के अनुसार, दूसरी घटना एक अन्य ईंट भट्ठा क्षेत्र में हुई जहां श्रमिक सो रहे थे।

कुमार ने कहा, ‘इसके मालिक को भी हाथियों की आवाजाही के बारे में सूचित किया गया जिसके बाद उसने तुरंत अपने श्रमिकों को जगह छोड़ने के लिए कहा। हालांकि, 12 वर्षीय एक लड़का वहां सोता रह गया जिसकी हाथियों द्वारा कुचले जाने से मौत हो गई।’

उन्होंने बताया कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कुमार ने कहा कि पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

झारखंड सरकार हाथी के हमले में मौत होने पर चार लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करती है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा