नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के शाहबाद दौलतपुर इलाके में गाना बदलने को लेकर ‘डिस्क जॉकी’ (डीजे) से विवाद के बाद दो लोगों को चाकू घोंपने के आरोप में 18 वर्षीय दो युवकों को गिरप्तार किया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि पकड़े गये आरोपियों की पहचान अभिषेक और अश्विन के तौर पर हुयी है और दोनों मंगोलपुरी के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि घटना 17 जून की रात शाहबाद दौलतपुर के एक बार में हुई, जहां आरोपियों और कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ लोगों के बीच गाना बदलने को लेकर झड़प हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, शाहबाद डेयरी थाने में गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, 23 जून को इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो जाने के बाद, इसमें हत्या की धारा जोड़ी गयी है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन