गुरुग्राम (हरियाणा), नौ मई (भाषा) जिले में सोहना नगर के वार्ड 19 में रहने वाली एक हिंदू और एक मुस्लिम महिला के बीच समलैंगिक संबंध इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह मामला शुक्रवार शाम तब सामने आया जब दोनों महिलाओं के परिजनों ने स्थानीय थाने में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसने कहा कि मामले की जांच के लिए एक टीम परिजनों के साथ खटीकवाड़ा मोहल्ला पहुंची।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाओं ने पुलिस को बताया कि वे लंबे समय से दोस्त हैं और अब साथ रहना चाहती हैं। महिलाओं ने यह भी दावा किया कि उन्होंने मंदिर में शादी कर ली है और प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा।
दोनों महिलाएं मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं और कुछ समय से सोहना के वार्ड 19 में रह रही हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों महिलाएं बालिग हैं। महिलाओं ने कहा कि उन्हें अपने रिश्तेदारों से खतरा है, इसलिए सुरक्षा चाहिए। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जाने दिया गया।’’
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल