नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में 27 जून को पुलिस हिरासत से फरार हुए 23 वर्षीय विचाराधीन कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोहम्मद मोहिया के बेटे लालू के रूप में हुई है और वह झपटमारी के मामले में जांच के दौरान हिरासत से भाग गया था और इस बाबत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत एक अलग मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने उसे ढूंढने के लिए अभियान चलाया था और कई टीमें बनाई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर और विभिन्न स्रोतों से महत्वपूर्ण सुराग इकट्ठा करके छापेमारी की और सोमवार को फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
लालू को मूल रूप से सोनिया विहार थाने में दर्ज लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान, पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की थी, जो मॉडल टाउन क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में 16 वर्षीय एक किशोर को भी पकड़ा था और उसे एक निरीक्षण गृह में भेज दिया गया था।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश