हैदराबाद, नौ मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे के खिलाफ यहां एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद पॉक्सो अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। आरोपी ने आरोपों से इनकार करते हुए किशोरी और उसके अभिभावकों पर कथित जबरन वसूली और आपराधिक धमकी का आरोप लगाया है।
सत्रह वर्षीय लड़की की मां के अनुसार, संजय कुमार के बेटे भगीरथ का उनकी बेटी के साथ संबंध था और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बताया कि यह कथित संबंध लगभग सात-आठ महीने पहले शुरू हुआ था। पुलिस ने अभी तक छात्रा से पूछताछ नहीं की है।
इस बीच, भगीरथ ने करीमनगर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि जिस लड़की से उसकी जान-पहचान हुई थी, उसने उन्हें अपने पारिवारिक समारोहों और सामूहिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया।
शिकायत के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भगीरथ ने शिकायत में कहा कि लड़की के परिवार को भरोसेमंद समझकर वह दोस्तों के समूह के साथ उनके साथ कुछ धार्मिक स्थलों की यात्रा पर गए थे।
भगीरथ ने शिकायत में कहा कि इसके बाद, लड़की और उसके माता-पिता ने उसे विवाह के लिए धमकाया, लेकिन उन्होंने प्रस्ताव ठुकरा दिया। शिकायत में कहा गया है इसके बाद लड़की के माता-पिता ने उनसे पैसे मांगे और धमकी दी कि रकम नहीं चुकाने पर वे उनके खिलाफ झूठी शिकायत करेंगे।
भगीरथ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि डर के मारे उन्होंने लड़की के पिता को 50,000 रुपये दिए, लेकिन उन्होंने उसने पांच करोड़ रुपये की मांग की। भगीरथ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें धमकी दी गई कि यदि उन्होंने रकम नहीं चुकाई तो लड़की की मां आत्महत्या कर लेगी।
भाषा
अमित माधव
माधव