उत्तराखंड: अंकिता हत्याकांड की चौथी बरसी पर कांग्रेस ने निकाला न्याय मार्च

Ads

उत्तराखंड: अंकिता हत्याकांड की चौथी बरसी पर कांग्रेस ने निकाला न्याय मार्च

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 08:37 PM IST

देहरादून, 18 सितंबर (भाषा) बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर शुक्रवार को कांग्रेस ने ऋषिकेश के निकट चीला बैराज के पास धरना दिया और न्याय मार्च निकाला।

आरोप लगाया कि कथित ‘वीआईपी’ के खुलासे के लिए गठित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जांच का एक साल भी कोई अता—पता नहीं है ।

अंकिता (29) वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर ‘रिसेप्शनिस्ट’ काम करती थी और 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।

घटना के चार दिन बाद चीला नहर से अंकिता का शव बरामद हुआ था। तीनों व्यक्तियों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चीला बैराज के पास गंगा भोगपुर तल्ला में एक मैदान में एकत्र हुए और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

सभा को संबोधित करते हुए गोदियाल ने चार साल पहले हुए अंकिता हत्याकांड को याद करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता चार साल से मामले में कथित ‘वीआईपी’ का नाम उजागर होने का इंतजार कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल प्रदेशव्यापी आंदोलनों के दबाव में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के आदेश तो दिए, लेकिन एक साल बीत जाने पर भी उस जांच का कहीं अता-पता नहीं है।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार ‘वीआईपी’ का खुलासा नहीं करेगी, तो कांग्रेस की सरकार बनने पर इस पूरे प्रकरण के सभी दोषियों की पहचान करके पार्टी उन्हें सजा दिलाएगी।

इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला मेत विभिन्न नेता शामिल हुए।

सभा के अंत में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल से वनंत्रा रिजॉर्ट तक न्याय मार्च निकाला और उसके गेट पर अंकिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

भाषा दीप्ति

जोहेब

जोहेब

ताजा खबर