वैष्णव ने विनिर्माण प्रौद्योगिकी के लिए उत्कृष्टता केंद्र का प्रस्ताव किया

Ads

वैष्णव ने विनिर्माण प्रौद्योगिकी के लिए उत्कृष्टता केंद्र का प्रस्ताव किया

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 08:30 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 08:30 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि विनिर्माण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रतिभाओं के विकास के लिए गतिशक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी) में एक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए।

रेल मंत्रालय के अधीन गतिशक्ति विश्वविद्यालय की स्थापना गुजरात के वडोदरा में 2022 में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के तौर पर की गई। यह परिवहन क्षेत्र की औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए मांग-आधारित पाठ्यक्रम का अनुसरण करता है।

विमान रखरखाव इंजीनियरिंग के प्रशिक्षण में सुधार लाने के लिए जीएसवी और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए आयोजित कार्यक्रम के इतर वैष्णव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विमानन, रेलवे, समुद्री, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि जैसे क्षेत्रों के लिए विनिर्माण प्रौद्योगिकी प्रशिक्षण में उच्च स्तर की सटीकता और प्रयास की जरूरत होती है।

उन्होंने इस पहल के लिए कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से समर्थन मांगा और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया।

वैष्णव ने विमानन और रेलवे अधिकारियों से एक खाका तैयार करने का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘अगर हम गति शक्ति विश्वविद्यालय में विनिर्माण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करते हैं, तो यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम होगा।’’

भाषा धीरज रंजन

रंजन