पूर्वी दिल्ली की सोसायटी में विवाद के बाद हिंसा, हत्या की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज

Ads

पूर्वी दिल्ली की सोसायटी में विवाद के बाद हिंसा, हत्या की कोशिश के आरोप में मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 10:37 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 10:37 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर की एक सोसायटी में एक विवाद के बाद कुछ लोगों ने स्थानीय लोगों पर कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे सात लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को उस समय हुई, जब कुछ निवासियों ने आवासीय सोसायटी के अंदर खड़े एक लड़के और एक लड़की से सवाल-जवाब किए।

जब निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई, तो लड़के ने कथित तौर पर 10 वर्षीय बच्चे को कई थप्पड़ मार दिए, जिससे बहस शुरू हो गई। पुलिस ने कहा कि इससे गुस्साए निवासियों ने उस युवक की पिटाई कर दी।

पिटाई के बाद, युवक ने कथित तौर पर अपने सहयोगियों को मौके पर बुलाया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसके तुरंत बाद, 15 से 20 लोगों का एक समूह सोसायटी में पहुंचा और कई निवासियों पर कथित तौर पर घूंसों से हमला किया, पथराव किया और अन्य चीजें फेंकी, जिससे कई लोग घायल हो गए। जैसे ही मौके पर और निवासी एकत्र हुए, आरोपी इलाके से भाग गए।

अधिकारी ने कहा कि भागने के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाया और कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे वहां मौजूद लोगों को और चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि घटना में सात लोग घायल हुए हैं। उनमें से पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दो को गंभीर चोटें आईं।

अधिकारी ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है।

न्यू अशोक नगर थाने को रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली थी कि युवकों के एक समूह ने सोसायटी के अंदर निवासियों के साथ मारपीट की है और वाहनों को टक्कर मारी है। एक पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने बताया कि युवक के साथ मौजूद लड़की हिंसा भड़कने पर इलाके से चली गई।

पुलिस ने कहा कि हत्या के प्रयास सहित संबंधित प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।

अधिकारी ने बताया कि तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीम छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास भी जारी हैं।

इस बीच, आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि इस घटना से इलाके के निवासियों में डर का माहौल पैदा हो गया है।

कुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि मयूर विहार फेज-तीन, पॉकेट 1 और 2 में हुई हिंसा के कारण 10-15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कुमार ने कहा कि उन्होंने मौके का दौरा किया और निवासियों से बातचीत की। विधायक ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप

ताजा खबर