प्रधानमंत्री का ‘विकसित नेमम’ में स्वागत है: केरल के शिक्षा मंत्री ने मोदी के रोड शो से पहले कहा

Ads

प्रधानमंत्री का ‘विकसित नेमम’ में स्वागत है: केरल के शिक्षा मंत्री ने मोदी के रोड शो से पहले कहा

  •  
  • Publish Date - April 4, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - April 4, 2026 / 03:46 PM IST

तिरुवनंतपुरम, चार अप्रैल (भाषा) केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री एवं नेमम से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार वी शिवनकुट्टी ने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को रेखांकित करते हुए शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘‘विकसित नेमम’’ में स्वागत है।

उनका यह बयान नेमम में प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित रोड शो से पहले आया है।

शिवनकुट्टी ने प्रधानमंत्री से समग्र शिक्षा केरल (एसएसके) योजना के तहत लंबित केंद्रीय निधि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया।

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री किल्लीपालम चौराहे से पप्पनमकोड की ओर रोड शो करेंगे, जिससे वह नेमम में किए गए विकास कार्यों को देख पाएंगे।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता शिवनकुट्टी ने प्रधानमंत्री को “विकसित नेमम” देखने का न्योता भी दिया।

राज्य में नौ अप्रैल को निर्धारित विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए अहम सीट में से एक मानी जा रही नेमम से शिवनकुट्टी मौजूदा विधायक हैं।

उन्होंने चाला में 18 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित नया आईटीआई और समग्र शिक्षा केरल के राज्य कार्यालय समेत रोड शो के प्रस्तावित मार्ग पर स्थित कई परियोजनाओं का जिक्र किया। शिवनकुट्टी ने दावा किया कि समग्र शिक्षा केरल का राज्य कार्यालय केंद्र से कथित तौर पर सहायता नहीं मिलने के बावजूद राज्य सरकार ने तैयार किया है।

उन्होंने करमना चौराहे से प्रवाचंबलम तक करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सड़क विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों व नयी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का भी जिक्र किया।

उन्होंने यह भी कहा कि समग्र शिक्षा केरल योजना के तहत राज्य को मिलने वाले करीब 1,500 करोड़ रुपये के कथित लंबित भुगतान पर केंद्र को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

शिवनकुट्टी ने कहा कि यह राशि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों के बच्चों के लिए है।

उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत कार्यरत करीब 7,000 शिक्षकों और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के वेतन का भुगतान फिलहाल राज्य सरकार कर रही है।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने शिवनकुट्टी के विकास संबंधी दावों पर तंज कसते हुए तिरुवनंतपुरम और आसपास के प्रमुख स्थलों की सूची गिना दी। पार्टी ने कहा कि प्रधानमंत्री को ‘विकास’ देखने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं, बस अलग-अलग दिशाओं में नजर घुमाने भर से सब कुछ दिख जाएगा।

पोस्ट में कहा गया, “जरा दाईं ओर मुड़िए तो तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नजर आ जाएगा। वहां से सीधे आगे बढ़िए, तो विड़िण्गम बंदरगाह दिखेगा। बाईं ओर मुड़ेंगे, तो थुंबा रॉकेट प्रक्षेपण केंद्र है। वहां से सीधा चलेंगे, तो तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन पहुंच जाएंगे। फिर दाईं ओर मुड़ते ही पद्मनाभस्वामी मंदिर दिखाई देगा।”

भाजपा ने लिखा, “सीधे आगे बढ़िए, तो कोवलम का अंतरराष्ट्रीय समुद्र तट मिलेगा… और अगर वहां से ऊपर नजर उठाएंगे, तो आसमान भी दिख जाएगा।”

भाषा

खारी गोला

गोला