भुवनेश्वर, 12 अगस्त (भाषा) ओडिशा के कटक जिले में दोस्त संग कार से घूमने गई एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात निश्चिंतकोइली थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पुरुष मित्र के साथ भुवनेश्वर से केंद्रपाड़ा की ओर जा रही थी।
कटक ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विनीत अग्रवाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को कहा, ‘‘जब वे कटक-चांदबाली रोड पर सुकरपाड़ा गांव के पास रुके तभी चार. छह लोगों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। संदिग्धों ने महिला के दोस्त से मारपीट की।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘आरोपी दोनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।’’
अग्रवाल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
भाषा खारी नरेश
नरेश