मेदिनीनगर (झारखंड), 27 मई (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार शाम 18 वर्षीय युवती को कथित तौर पर बलात्कार कर फ्लाईओवर से फेंके जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता घायल है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
हालांकि, पुलिस का दावा है कि युवती चिकित्सकीय परीक्षण के लिए तैयार नहीं हो रही है।
छत्तरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने अपने साथ एक व्यक्ति द्वारा बलात्कार किए जाने और घटना के वक्त दो अन्य व्यक्तियों की मौजूदगी का दावा किया है।
उन्होंने बताया कि युवती के चेहरे पर चोट के निशान हैं और वह बयान देने से बच रही है तथा चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भी तैयार नहीं हो रही है।
कुमार ने बताया कि युवती के साथ अज्ञात जगह कथित तौर पर बलात्कार किया गया और फिर फ्लाईओवर से नीचे फेंका गया। हालांकि, उसके शरीर पर गंभीर चोट नहीं है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं इन्दु सुरभि शफीक
शफीक