बेंगलुरु बस स्टैंड पर बेटी के सामने महिला की चाकू मारकर हत्या

Ads

बेंगलुरु बस स्टैंड पर बेटी के सामने महिला की चाकू मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - September 23, 2025 / 10:07 AM IST,
    Updated On - September 23, 2025 / 10:07 AM IST

बेंगलुरु, 23 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक बस स्टैंड पर 32 वर्षीय महिला की उसके पति ने किशोर बेटी के सामने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि इनका विवाह तीन महीने पहले ही हुआ था और यह दोनों की दूसरी शादी है।

उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह यहां सुनकादकट्टे बस स्टैंड पर सबके सामने हुई।

पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने लोहिताश्व (35) को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने उन पर चाकू तान दिया और रेखा के सीने और पेट में कथित तौर पर कई बार चाकू घोंपकर मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि रेखा की मौके पर ही मौत हो गई और पूरी घटना उसकी बेटी के सामने हुई।

प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रेखा एक कॉल सेंटर में काम करती थी, जबकि लोहिताश्व कैब चालक था। उनकी मुलाकात आपसी दोस्तों के ज़रिए हुई थी और डेढ़ साल की मित्रता के बाद उन्होंने शादी कर ली। उन्होंने बताया कि अपराध के पीछे वैवाहिक कलह होने का संदेह है।

दंपती सुंकदकट्टे के पास किराए के मकान में रह रहे थे और रेखा की पहली शादी से हुई बड़ी बेटी उनके साथ रहती थी, जबकि उनकी छोटी बेटी रेखा के माता-पिता के साथ रहती थी।

अधिकारी ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था और घटना वाले दिन भी उनके बीच तीखी बहस हुई जिसके बाद रेखा अपनी 13 साल की बेटी के साथ बस स्टैंड के लिए निकली। वह मौके पर पहुंचा और झगड़ा करने लगा।

अधिकारी ने बताया कि जब उसकी बेटी ने बीच-बचाव किया तो लोहिताश्व ने चाकू से रेखा की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा शोभना रंजन

रंजन