बेंगलुरु बस स्टैंड पर बेटी के सामने महिला की चाकू से हत्या

Ads

बेंगलुरु बस स्टैंड पर बेटी के सामने महिला की चाकू से हत्या

  •  
  • Publish Date - September 23, 2025 / 04:18 PM IST,
    Updated On - September 23, 2025 / 04:18 PM IST

बेंगलुरु, 23 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में एक बस स्टैंड पर 32 वर्षीय महिला की उसके पति ने किशोर बेटी के सामने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि इनका विवाह तीन महीने पहले ही हुआ था और यह दोनों की दूसरी शादी थी।

उन्होंने बताया कि यह घटना सोमवार सुबह यहां सुनकादकट्टे बस स्टैंड पर सबके सामने हुई।

पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने लोहिताश्व (43) को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने रेखा के सीने और पेट में कथित तौर पर कई बार चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि रेखा की मौके पर ही मौत हो गई और पूरी घटना उसकी बेटी के सामने हुई।

पुलिस ने बताया कि बाद में लोहिताश्व ने कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि दोनों की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। यह दोनों की दूसरी शादी थी। रेखा एक कॉल सेंटर में काम करती थी जबकि लोहिताश्व कैब चालक था। उनकी मुलाकात दोस्तों के ज़रिए हुई थी और डेढ़ साल की मित्रता के बाद उन्होंने शादी कर ली थी।

पुलिस को शक है कि अपराध के पीछे वैवाहिक कलह एक कारण हो सकता है। आरोपी को शक था कि रेखा का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध है।

दंपति सुंकदकट्टे के पास किराए के मकान में रह रहा था और रेखा की पहली शादी से हुई बड़ी बेटी उनके साथ रहती थी, जबकि उनकी छोटी बेटी रेखा के माता-पिता के साथ रहती थी।

अधिकारी ने बताया कि शादी के बाद से ही दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था और घटना वाले दिन भी उनके बीच तीखी बहस हुई जिसके बाद रेखा अपनी 13 साल की बेटी के साथ बस स्टैंड के लिए निकली। वह मौके पर पहुंचा और झगड़ा करने लगा।

अधिकारी ने बताया कि जब उसकी बेटी ने बीच-बचाव किया तो लोहिताश्व ने चाकू से रेखा की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि कामाक्षीपाल्या पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज करने के बाद लोहिताश्व को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा शोभना अविनाश

अविनाश