‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नौ अगस्त को ‘संसद का घेराव’ करेंगे युवा कांग्रेस और एनएसयूआई
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नौ अगस्त को ‘संसद का घेराव’ करेंगे युवा कांग्रेस और एनएसयूआई
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शुक्रवार को कहा कि वे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत नौ अगस्त को संसद का घेराव करेंगे।
कांग्रेस के इन दोनों अग्रिम संगठनों ने यह मांग फिर दोहराई कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई हो और परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और एनएसयूआई के प्रभारी कन्हैया कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में ‘छात्रों की गूंज’ के आगे के कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी दी।
चिब ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत संवाददाता सम्मेलन से हुई थी, जिसके बाद छात्रों और युवाओं के साथ विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए संवाद किया गया।
उन्होंने बताया कि एक अगस्त को विभिन्न शहरों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और नौ अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ के नारे के साथ संसद का घेराव किया जाएगा।
चिब ने कहा, ‘‘पेपर लीक के खिलाफ एक डिजिटल अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत छात्र दो मिनट का वीडियो बनाकर अपनी आवाज दर्ज करा सकेंगे।’’
उनके मुताबिक, अब तक ‘छात्रों की गूंज’ अभियान में 6.5 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है और 50,000 लोगों ने मिस्ड कॉल के जरिए समर्थन दिया है।
कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस, भारतीय युवा कांग्रेस और एनएसयूआई लगातार छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से शिक्षा, रोजगार, भर्ती प्रक्रिया और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जन आंदोलन चला रहे हैं।
कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कार्यकाल में लगभग हर प्रमुख परीक्षा पर सवाल उठे हैं और विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं।
कन्हैया कुमार ने दावा किया कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और इसी व्यवस्था में सुधार तथा छात्रों की आवाज को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप

Facebook


