भोपाल, 20 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में आपत्तिजनक शब्द कहे जाने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी और डरने वाली नहीं है।
सिंघार ने कहा कि कांग्रेस बिजली दरों, आदिवासियों की जमीन, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
विधानसभा में बृहस्पतिवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान विजयवर्गीय ने सिंघार के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया था, जिससे सदन में हंगामा हो गया।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खेद जताया था।
सिंघार ने विधानसभा परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘विपक्ष के रूप में कांग्रेस जनता की आवाज है। अगर पार्टी के विधायक मुद्दे उठाते हैं तो वे आम लोगों की बात करते हैं। मैंने भी कल (बृहस्पतिवार को) राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रदेश के हित और जनता की आवाज उठाई थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर प्रदेश में सस्ती बिजली मिले, तो यह जनता की मांग है तो फिर मंत्री किसे ‘औकात’ दिखा रहे हैं? क्या वे बिजली उपभोक्ताओं को उनकी जगह बता रहे हैं या फिर सिंगरौली में अदाणी की खदान के लिए जंगल कटने से विस्थापित हो रहे आदिवासियों को उनकी जगह दिखा रहे हैं?’’
सिंघार ने सवाल किया कि क्या मंत्री न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और बेहतर आय की मांग कर रहे किसानों या रोजगार के लिए भटक रहे युवाओं को उनकी जगह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ऐसे व्यवहार का हमेशा विरोध करेगी। हम डरने वाले नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने खेद जताया है और मामला अब सुलझ गया है। सदन में सकारात्मक बहस होनी चाहिए और सकारात्मक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को किसी की ‘औकात’ पर टिप्पणी करने के बजाय हर वर्ग के लोगों को सुविधाएं देने और उनकी मांगें पूरी करने पर ध्यान देना चाहिए।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र