इंदौर (मध्यप्रदेश), सात जून (भाषा) इंदौर में महाविद्यालय के 26 वर्षीय छात्र को थाने में कथित तौर पर बर्बरता से पीटे जाने की घटना का मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग ने मंगलवार को संज्ञान लिया। आयोग ने इस मामले में शहर के पुलिस आयुक्त से तीन हफ्ते के भीतर जवाब तलब किया। आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक एमकॉम अंतिम वर्ष के छात्र मोहित देवलिया (26) का आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी डीजल की अवैध बिक्री के संदेह में उसे रविवार को विजय नगर थाने ले गए और उन्हें थाना प्रभारी के कक्ष में प्लास्टिक के पाइप से घंटों तक पीटते रहे।
छात्र के पिता विनोद देवलिया ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे को थाने से छोड़ने के बदले उनसे 50,000 रुपये मांगे और बाद में उसे 30,000 रुपये लेकर छोड़ दिया गया। इस घटना को लेकर कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें पीड़ित छात्र अपनी कमर के निचले हिस्से पर गहरी चोटों के निशान दिखाता नजर आ रहा है।
इस बीच, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सम्पत उपाध्याय ने बताया कि छात्र तथा उसके पिता के आरोपों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।
भाषा हर्ष नोमान
नोमान