उज्जैन, 22 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान में छात्र की बेरहमी से पिटाई करने के आरोप में एक अध्यापक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटनाक्रम से जुड़े एक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने इसे संज्ञान में लिया और पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कथित वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी अध्यापक एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर रहा है और छात्र के चिल्लाने का उस पर कोई असर नहीं होता दिख रहा है। आरोपी शिक्षक की पहचान दत्त दास शेवड़े के रूप में हुई है।
विद्यालय के सूत्रों के मुताबिक करीब 51 सेकेंड का यह वीडियो एक छात्रावास का है और अध्यापक ने कथित तौर पर छात्र की इसलिए बेंत से पिटाई कर दी क्योंकि वह एक अन्य छात्र के बिस्तर पर सो गया था।
चिंतामन थाने के प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी शिक्षक दत्त दास शेवड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 और 296 सहित कुछ अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
विद्यालय प्रबंधन से इस बारे में प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया गया लेकिन अब तक कोई जवाब सामने नहीं आया।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत