मप्र: कांग्रेस का स्कूल शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप, भाजपा ने किया खारिज

Ads

मप्र: कांग्रेस का स्कूल शिक्षा विभाग में वित्तीय अनियमितताओं का आरोप, भाजपा ने किया खारिज

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 07:42 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 07:42 PM IST

भोपाल, 19 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल में वर्ष 2023 से 2025 के बीच हुए निविदाओं में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं एवं संगठित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और सरकार से इन सभी की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की।

राज्य की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन आरोपों को झूठे व मनगढ़ंत करार देते हुए खारिज कर दिया और कहा 2003 से विपक्ष में रहते हुए तथ्यों और प्रामाणिकता के साथ कांग्रेस एक भी आरोप नहीं लगा सकी।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2023 में तत्कालीन अध्यक्ष वीणा राणा के कार्यकाल में 3500 कंप्यूटर, यूपीएस एवं प्रिंटर की खरीदी के लिए निविदा जारी की थी, जिसकी लागत 40 करोड़ रुपये से बढ़ाकर लगभग 90 करोड़ रुपये कर दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि निविदा में ऐसी तकनीकी शर्त जोड़ी गई, जिससे प्रतिस्पर्धा सीमित हो गई।

नायक ने आरोप लगाया, “इस प्रक्रिया में उपकरणों की खरीदी बाजार मूल्य से 200 से 250 प्रतिशत अधिक कीमत पर की गई।”

उन्होंने कहा कि इस मामले में शिकायत भी की गई थी लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना यह दर्शाता है कि पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वर्ष 2025 में भी इंटरएक्टिव बोर्ड की निविदा जारी की गयी थी, जिनमें भी तकनीकी शर्तों के माध्यम से प्रतिस्पर्धा को सीमित किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद 60–70 हजार रुपये के उपकरण 1.10 लाख रुपये से अधिक कीमत पर खरीदे गए।

नायक ने कहा कि यह मामला केवल अतीत का नहीं बल्कि वर्तमान में जारी निविदा प्रक्रिया में भी वही गड़बड़ियां दोहराए जाने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इससे पहले जल संसाधन विभाग में निविदा प्रक्रिया में गड़बड़ियों, फर्जी बैंक गारंटी एवं व्यापक भ्रष्टाचार का खुलासा किया था लेकिन आज तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत सरकार में निविदा प्रक्रिया केवल औपचारिकता होती है और वास्तविक निर्णय पहले से तय रहते हैं।

भाजपा के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कांग्रेस के आरोपों के बारे में ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाना ही विपक्ष के नेताओं का एकमात्र काम रह गया है।

उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस विपक्ष में है, तब से लेकर आजतक वह एक भी ऐसे आरोप नहीं लगा सकी है, जिनमें तथ्य और प्रामाणिकता हो।

चतुर्वेदी ने कहा कि ‘प्रपंच’ भरे ऐसे आरोप लगाकर कांग्रेस सिर्फ हंगामा खड़ा करना चाहती है।

भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र