इंदौर, 12 मई (भाषा) मध्यप्रदेश सरकार ने पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से मंगलवार को धार जिले में डायनासोर जीवाश्म राष्ट्रीय उद्यान का दायरा 89 हेक्टेयर से बढ़ाकर 200 हेक्टेयर तक करने का फैसला किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस उद्यान में डायनासोर जीवाश्मों पर आधारित विशाल संग्रहालय भी बनाया जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित बैठक में ये फैसले किए गए।
बैठक में खाड़े ने बताया कि धार के बाग क्षेत्र में 89 हेक्टेयर में फैले उद्यान में डायनासोर की हड्डियों, अंडों आदि के जीवाश्म मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि उद्यान का विस्तार 200 हेक्टेयर तक किया जाएगा और इसके लिए चार गांवों की भूमि को इसमें शामिल किया गया है।
खाड़े ने बताया कि उद्यान में एक विशाल संग्रहालय का निर्माण भी प्रस्तावित है जिसमें डायनासोर के जीवाश्म प्रदर्शित किए जाएंगे।
बैठक में बताया गया कि उद्यान के आस-पास के क्षेत्र में होटल और रिजॉर्ट विकसित किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि उद्यान के दायरे में उत्खनन, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों, जलाऊ लकड़ी के व्यावसायिक उपयोग, ईंट भट्ठों की स्थापना और प्राकृतिक जल स्रोतों में अनुपचारित अपशिष्ट बहाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।
गैर-सरकारी खोजकर्ताओं के समूह ‘मंगल पंचायतन परिषद’ के प्रमुख विशाल वर्मा ने 2007 में पहली बार बाग क्षेत्र में डायनासोर के अंडे खोजे थे। इसके बाद राज्य सरकार ने वहां डायनासोर जीवाश्म राष्ट्रीय उद्यान की स्थापना की थी।
भाषा हर्ष खारी
खारी