मप्र: मुस्लिम संगठन ने ईद की खरीदारी मुसलमानों से ही करने की अपील की, विवाद शुरू

Ads

मप्र: मुस्लिम संगठन ने ईद की खरीदारी मुसलमानों से ही करने की अपील की, विवाद शुरू

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 08:14 PM IST

भोपाल, 19 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ईद से पहले मुसलमानों के एक संगठन ने ईद की खरीदारी ‘मुसलमानों’ से ही करने की अपील की, जिसके बाद एक नया विवाद शुरू हो गया।

मुस्लिम संगठन ‘अहले सुन्नत समिति’ के महासचिव और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नेता पीरजादा तौकीर निजामी ने सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आज मुसलमानों की स्थिति अच्छी नहीं है और उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से बातचीत में कहा, “इसलिए मैंने गुजारिश की है कि लोग रमजान और ईद की खरीदारी मुस्लिम समाज के भीतर ही करें।”

निजामी ने कहा कि अपने ही समुदाय के व्यापार को बढ़ावा देने से मुसलमानों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने इस आह्वान से साम्प्रदायिक माहौल बिगड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर कहा कि जब सड़क पर नमाज पढ़ने वाले को ईरान भेजने की बात होती है, कुंभ के समय दूसरे धर्म के लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाती है और मस्जिदों पर चढ़कर भगवा झंडा फहराया जाता है तो उस समय देश की गंगा जमुनी तहजीब की बात क्यों नहीं होती है।

निजामी ने कहा कि इसलिए उन्होंने समाज की माली हालात सुधारने के लिए मुसलमानों से अपने पैसे का सही इस्तेमाल करने की अपील की है।

राजधानी भोपाल स्थित हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने निजामी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे मुस्लिम समाज की नीयत सामने आई है।

उन्होंने कहा, “मैं सनातनियों से अपील करता हूं कि वे गुड़ी पड़वा और चैत्र नवरात्र के दौरान खरीदारी मुस्लिम दुकानों से न करें और बहिष्कार करें।”

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया, जब देश भर में बृहस्पतिवार को चैत्र नवरात्र की शुरुआत हो गई जबकि ईद शनिवार को मनाए जाने की तैयारियां जारी हैं। भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र