इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 नवंबर (भाषा) इंदौर में पुलिस के साइबर दस्ते ने डिजिटल अरेस्ट गिरोह को कमीशन के आधार पर अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में तीन लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस निरीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सादिक पटेल, शाहिद खान और सोहेल खोकर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपियों ने उस गिरोह को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे जिसने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर शहर के एक सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारी से 4.32 करोड़ रुपये ठग लिए थे।
निरीक्षक ने बताया,‘‘आरोपी अपने खातों में आने वाली ठगी की राशि पर चार से पांच प्रतिशत का कमीशन डिजिटल अरेस्ट गिरोह से लेते थे।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विस्तृत जांच जारी है।
‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर ठगी का नया तरीका है। ऐसे मामलों में ठग खुद को कानून प्रवर्तन अधिकारी बताकर लोगों को ऑडियो या वीडियो कॉल करके धमकाते हैं और उन्हें पूछताछ के नाम पर डिजिटल रूप से बंधक बना लेते हैं।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब