मप्र: बालाघाट में कार में लगी आग, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, दो अन्य घायल

Ads

मप्र: बालाघाट में कार में लगी आग, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, दो अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 07:14 PM IST

बालाघाट (मप्र), 29 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में एक कार के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिरने के बाद आग लगने से उसमें सवार एक बच्चे सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि उनके दो रिश्तेदार गंभीर रूप से झुलस गए।

बैहर थाना प्रभारी (एसएचओ) जयंत मस्कोले ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार देर रात बैहर-मालाजखंड मार्ग पर केलवारी चौराहे के पास हुई।

उन्होंने बताया कि जिन तीन लोगों की जलकर मौत हो गई उनमें नगारची केलकर (65), उनकी बहू सविता केलकर (32) और पोते अभि केलकर (4) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि हादसे में सीतम केलकर (35) और उनकी मां नानाबाई केलकर (60) गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें गोंदिया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि परिवार के एक पड़ोसी की बेटी पूर्वी रहांगडाले (8) इस हादसे में बाल-बाल बच गई।

मस्कोले ने बताया कि सभी पीड़ित स्थानीय थे और सभी छह लोग पूजा करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि गाड़ी सीरम केलकर चला रहे थे और कार अनियंत्रित होकर एक गड्ढे में गिर गई।

उन्होंने कहा कि गाड़ी में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंस गए।

एसएचओ ने कहा कि कुछ राहगीरों ने दुर्घटना को देखा और जलती हुई कार की खिड़की के शीशे तोड़कर उसमें सवार तीन लोगों को बचा लिया।

उन्होंने कहा कि हालांकि, वे तीन लोगों को बचा नहीं सके क्योंकि आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकलकर्मियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला

गोला