झाबुआ (मप्र), 31 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण की कोशिश करने वाले संगठनों को कड़ी चेतावनी देते हुए शुक्रवार को कहा कि ऐसे तत्वों को कानूनी प्रावधानों के तहत जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
यादव ने आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में एक कार्यक्रम के दौरान कहा,‘‘धर्मांतरण करने वाले लोग कान खोल के सुन लें। धार-झाबुआ में किसी भी मिशनरी को धर्मांतरण की इजाजत नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे धर्मांतरण करेंगे, तो हमारी सरकार उन्हें जेल में पहुंचाएगी। हम उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।’’
अधिकारियों ने बताया कि जोर-जबर्दस्ती, छल-कपट और लालच से धर्मांतरण पर रोक लगाने के लिए बनाए गए मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 में दोषी को 10 साल तक की कैद और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने स्व-सहायता समूह संचालित करने वाली महिलाओं को 300 करोड़ रुपये का कर्ज वितरित किया।
उन्होंने इस मौके पर झाबुआ जिले में 174 करोड़ रुपये से अधिक के 29 विकास कार्यों की नींव रखी, जबकि 109 करोड़ रुपये से ज्यादा की 28 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
भाषा हर्ष आशीष
आशीष