इंदौर (मध्यप्रदेश), 19 मार्च (भाषा) केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकृत किए गए टर्मिनल भवन का 24 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त टर्मिनल भवन की सुविधा शुरू होने के बाद मध्य भारत के इस व्यस्त हवाई अड्डे की सालाना यात्री क्षमता बढ़कर 50 लाख पर पहुंच जाएगी।
स्थानीय सांसद शंकर लालवानी ने संवाददाताओं को बताया कि हवाई अड्डे के पुराने टर्मिनल भवन का 50 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया गया है और इसे ‘टी-1’ नाम दिया गया है।
लोकसभा सदस्य लालवानी ने बताया कि इस सुविधा के लोकार्पण के साथ ही हवाई अड्डे पर टर्मिनल भवनों की तादाद बढ़कर दो हो जाएगी।
उन्होंने बताया, ‘‘वर्तमान टर्मिनल भवन के जरिये हर साल 40 लाख लोग यात्रा कर सकते हैं। अतिरिक्त टर्मिनल भवन के जरिये हर साल 10 लाख और लोग यात्रा कर सकेंगे।’’
लालवानी ने बताया कि नायडू नागर विमानन मंत्रालय की पहल ‘उड़ान यात्री कैफे’ का भी उद्घाटन करेंगे जिसके जरिये हवाई अड्डे पर मुसाफिरों को खाने-पीने की चीजें किफायती दरों पर मुहैया कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया, ‘‘इस कैफे में यात्रियों के लिए 10 रुपये में पानी की बोतल, 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में पोहा और 20 रुपये में समोसा उपलब्ध होगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे के जरिये हर रोज 100 से ज्यादा उड़ानों की आवा-जाही होती है जिनमें 92 नियमित यात्री उड़ानें शामिल हैं।
भाषा हर्ष सुरभि
सुरभि