लाडकी बहिन योजना की 71 लाख लाभार्थियों को अयोग्य ठहराया गया :शिवसेना(उबाठा)

Ads

लाडकी बहिन योजना की 71 लाख लाभार्थियों को अयोग्य ठहराया गया :शिवसेना(उबाठा)

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:59 PM IST

पुणे, पांच अप्रैल (भाषा) शिवसेना (उबाठा) की नेता सुषमा अंधारे ने दावा किया है कि महाराष्ट्र सरकार की महत्वकांक्षी ‘मुख्यमंत्री लाडकी बहिन’ योजना की 71 लाख लाभार्थियों को इसका लाभ लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

इस योजना के तहत लाभार्थियों को प्रति माह 1,500 रुपये की सहायता राशि मिलती है।

अंधारे ने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि 71 लाख महिलाओं को अयोग्य क्यों घोषित किया गया।

उन्होंने दावा किया कि 2024 के अंत में विधानसभा चुनाव से पहले योजना शुरू की गई योजना के तहत इन 71 लाख महिलाओं को कुल 255.60 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने पूछा कि राज्य के खजाने को हुए इस नुकसान की भरपाई कौन करेगा।

अंधारे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अदिति तटकरे को इस पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने पूछा कि उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला क्यों नहीं दर्ज किया जाना चाहिए?

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं को लुभाने और चुनाव जीतने के लिए जनता के पैसे का इस्तेमाल किया गया।

राज्य सरकार के अधिकारियों ने बुधवार को कहा था कि लाडकी बहिन योजना के तहत लगभग 68 लाख खाते लाभार्थियों द्वारा निर्धारित समय सीमा से पहले अनिवार्य ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी न कर पाने के कारण बंद कर दिए गए, जिससे सक्रिय खातों की संख्या घटकर लगभग 1.75 करोड़ रह गई है।

ई-केवाईसी पूरा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च को समाप्त हो गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया है।

अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस विस्तार के बाद बंद खातों की संख्या में बदलाव हो सकता है।

भाषा

राजकुमार धीरज

धीरज