अभिनेता शेखर सुमन ने फिल्म अकादमी की शुरुआत की

Ads

अभिनेता शेखर सुमन ने फिल्म अकादमी की शुरुआत की

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 04:45 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 04:45 PM IST

मुंबई, 22 अप्रैल (भाषा) दिग्गज अभिनेता और प्रस्तोता शेखर सुमन ने एक नये अभिनय संस्थान ‘शेखर सुमन फिल्म अकादमी (एसएसएफए)’ की शुरुआत की है जिसका उद्देश्य कलाकारों और कहानीकारों की अगली पीढ़ी को प्रशिक्षित करना है।

एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, अकादमी की शुरुआत तीन महीने के एक गहन अभिनय कार्यक्रम के साथ होगी, जिसे स्वयं सुमन ने तैयार किया है और वह खुद इसका संचालन भी करेंगे। इसमें अभिनेताओं, कास्टिंग निर्देशकों और फिल्म निर्माताओं द्वारा उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सुमन ने एक बयान में कहा, ‘मेरे लिए यह अकादमी केवल एक संस्थान नहीं बल्कि उस कला को वो सब वापस देने का एक बहुत व्यक्तिगत तरीका है जिसने मुझे सब कुछ दिया। वर्षों के अभिनय ने मुझे अनुशासन, कल्पना शक्ति, लचीलापन और प्रस्तुति में सत्य के महत्व को सिखाया है।’

उन्होंने कहा, ‘एसएसएफए के साथ, जहां मैंने स्वयं अभिनय पाठ्यक्रम को बनाया और व्यवस्थित किया है, और उसके हर पहलू पर बारीकी से ध्यान दिया है, मैं आशा करता हूं कि अपनी यह सीख अगली पीढ़ी के अभिनेताओं तक पहुंचा पाऊंगा। इस अकादमी के माध्यम से मैं कुछ ऐसा सृजित करना चाहता हूं जो प्रशिक्षण से परे जाकर हर छात्र के लिए एक सच्ची रचनात्मक यात्रा बने।’’

पाठ्यक्रम में स्वर और वाणी, भावनात्मक पहुंच, शारीरिक जागरूकता, कैमरे के सामने आने की तैयारी और चरित्र निर्माण सहित छात्रों को ‘लिंकलेटर वॉइस’ तरीके, फिल्म की भाषा और सेट पर अनुशासन से परिचित कराया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा बनाई गई लघु फिल्म से होगा।

अकादमी में आवेदकों को किसी पूर्व प्रशिक्षण की आवश्यकता नहीं है। उन्हें केवल एक बुनियादी ‘स्व-ऑडिशन’ प्रक्रिया से गुज़रना होगा।

संस्थान भविष्य में अभिनय के अलावा पटकथा लेखन, निर्देशन, छायांकन, संगीत निर्माण और पोस्ट-प्रोडक्शन के क्षेत्रों में विस्तार की योजना बना रहा है।

सुमन के पुत्र, अभिनेता अध्ययन सुमन अकादमी के संस्थापक और निदेशक हैं, जबकि धर्मेश संगानी को संस्थापक और विज़नरी के रूप में नियुक्त किया गया है। यह संस्थान जीबीएम स्टूडियो के तहत संचालित होगा तथा एकांत बाबानी इसके साझेदार एवं मुख्य परिचालन अधिकारी हैं।

शेखर सुमन ने फ़िल्मी करियर की शुरुआत रेखा के साथ आयी फ़िल्म ‘उत्सव’ (1985) से की तथा ‘त्रिदेव’, ‘रणभूमि’ और ‘संसार’ सहित लगभग 35 हिंदी फ़िल्मों में काम किया।

उन्होंने हाल में संजय लीला भंसाली की ओटीटी सीरीज ‘हीरामंडी’ में काम किया था। उन्होंने अपने पुत्र अध्ययन की मुख्य भूमिका वाली ‘हार्टलेस’ (2014) का निर्देशन और निर्माण भी किया।

भाषा वैभव

वैभव