नवी मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत, 10 घायल

नवी मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत, 10 घायल

नवी मुंबई में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत, 10 घायल
Modified Date: October 21, 2025 / 06:26 pm IST
Published Date: October 21, 2025 6:26 pm IST

मुंबई,21 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में नवी मुंबई स्थित एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में मंगलवार आधी रात के बाद आग लग जाने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दिवाली के दिन तड़के हुई इस त्रासदी में मरने वालों में छह साल की एक बच्ची और 84 वर्षीय एक महिला भी शामिल है।

उन्होंने संदेह जताया कि घटना का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन जांच जारी है।

एक अधिकारी ने बताया कि आग सबसे पहले वाशी क्षेत्र के सेक्टर 14 में एमजीएम कॉम्प्लेक्स के रहेजा रेजीडेंसी की 10वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में देर रात करीब 12:30 बजे लगी और 11वीं तथा 12वीं मंजिल तक फैल गई।

अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद आठ दमकल गाड़ियों के साथ 40 अग्निशमन कर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची और सुबह चार बजे तक आग पर काबू पा लिया गया।

मृतकों में वेदिका सुंदर बालकृष्णन (छह) नामक एक बच्ची और उसके पिता सुंदर बालकृष्णन (44) व मां पूजा राजन (39) शामिल हैं जो फ्लैट नंबर 1205 में रहते थे।

अधिकारी ने बताया कि एक अन्य मृतक, कमला हीरालाल जैन (84) 11वीं मंजिल पर रहती थीं। आग लगने के समय वह बिस्तर पर थीं और वहां से निकलने में समर्थ नहीं थीं।

नवी मुंबई नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख सचिन कदम ने बताया कि दो अस्पतालों में भर्ती ज्यादातर घायलों ने दम घुटने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनमें से सात को बाद में छुट्टी दे दी गई और बाकी तीन की हालत स्थिर बताई गई है।

कदम ने बताया कि अग्निशमन दल ने इमारत से 12 से अधिक लोगों को भी बचाया। उन्होंने बताया कि वाशी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष


लेखक के बारे में