मुंबई में मनोरी तट के पास फंसा मानवरहित मालवाहक जहाज, तटरक्षक बल ने संभाला मोर्चा

Ads

मुंबई में मनोरी तट के पास फंसा मानवरहित मालवाहक जहाज, तटरक्षक बल ने संभाला मोर्चा

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 08:11 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 08:11 PM IST

मुंबई, छह जुलाई (भाषा) उत्तर मुंबई में मनोरी तट के पास बिना चालक दल वाले एक मालवाहक टैंकर के फंसने की आशंका है। इस घटना के बाद भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अपने जहाजों को उस क्षेत्र की ओर रवाना कर दिया है।

तटरक्षक बल ने एक बयान में बताया कि उसे पांच जुलाई को नौवहन महानिदेशालय से एक संदेश मिला था, जिसमें खराब मौसम के कारण तीन जहाजों ‘एमटी एस्फाल्ट स्टार’, ‘एमटी स्टेलर रूबी’ और ‘एमटी अल जाफ़ज़िया’ के लंगर उखड़ने और उनके अपनी जगह से बहने की जानकारी दी गई थी।

बयान के अनुसार, स्थिति का आकलन करने और जहाजों को आवश्यक सहायता देने के लिए तटरक्षक बल के जहाज ‘आईसीजीएस सम्राट’ का मार्ग बदलकर उसे उस क्षेत्र में भेजा गया।

साथ ही, नौवहन महानिदेशालय से सहायता के लिए जहाज खींचने वाले आपातकालीन पोत (ईटीवी) ‘वाटर लिली’ को तैनात करने का भी अनुरोध किया गया था।

तटरक्षक बल ने कहा कि वर्तमान में ‘एमटी एस्फाल्ट स्टार’ और ‘एमटी स्टेलर रूबी’ सुरक्षित रूप से लंगर डाले हुए हैं और उनके चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

बयान में कहा गया, ‘‘लंगरगाह पर खड़े ‘एमटी अल जाफ़ज़िया’ पर चालक दल मौजूद नहीं था, इसके मनोरी के पास जमीन पर फंसने की आशंका है।’’

तटरक्षक बल ने बताया कि ‘आईसीजीएस समुद्र प्रहरी’ और जहाज खींचने वाले आपातकालीन पोत ‘वाटर लिली’ सहायता प्रदान करने के लिए उस क्षेत्र में मुस्तैद हैं।

इस बीच, मुंबई पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के बीच यह जहाज मनोरी समुद्र तट (बीच) से करीब एक किलोमीटर दूर फंस गया है।

गोराई थाने के एक अधिकारी ने बताया कि फंसे हुए जहाज के बारे में सुबह जानकारी मिली और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार नौसेना, तटरक्षक बल (आईसीजी) तथा अन्य संबंधित समुद्री प्राधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘जहाज मनोरी तट से करीब एक किलोमीटर दूर फंसा हुआ है। जहाज ने लंगर डाल दिया है और इससे जुड़ी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।’

अधिकारी ने बताया कि समुद्री एजेंसियों के अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रख रहे हैं।

स्थानीय मछुआरों ने कहा कि यह क्षेत्र चट्टानी है और तेज हवाओं के कारण छोटे जहाजों के लिए उस फंसे जहाज की ओर जाना असुरक्षित हो गया है।

मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश