पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर चार हवाई अड्डों पर 140 से अधिक उड़ानें रद्द
पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर चार हवाई अड्डों पर 140 से अधिक उड़ानें रद्द
मुंबई, छह मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संकट से उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है और शुक्रवार को मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु व कोलकाता हवाई अड्डों पर 140 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
यद्यपि कई एयरलाइन ने आंशिक रूप से परिचालन शुरू कर दिया है और उनमें से कुछ पश्चिम एशिया के कुछ गंतव्यों के लिए सीमित सेवाएं संचालित कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चारों हवाई अड्डों पर कम से कम 142 उड़ान रद्द की गईं, जिनमें से मुंबई हवाई अड्डे 39 प्रस्थान और 34 आगमन उड़ान रद्द की गईं।
बेंगलुरु हवाई अड्डे पर कुल 33 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 15 प्रस्थान और 18 आगमन उड़ानें थीं। दिल्ली हवाई अड्डे पर 15 प्रस्थान उड़ानें और 14 आगमन उड़ानें रद्द की गयी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता हवाई अड्डे पर कुल सात उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिनमें चार प्रस्थान और तीन आगमन उड़ानें थीं।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष ने हवाई संचालन को प्रभावित किया है क्योंकि पश्चिम एशिया के कुछ हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया गया है।
‘अकासा एयर’ ने कहा कि वह शुक्रवार को मुंबई-जेद्दा-मुंबई उड़ान संचालित करेगी।
एयरलाइन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि शनिवार को वह मुंबई, अहमदाबाद और कोच्चि से जेद्दा के लिए उड़ानें संचालित करेगी।
इससे पहले दिन में स्पाइसजेट ने कहा था कि वह संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए यात्रियों को वापस लाने के लिए 14 विशेष उड़ानें संचालित करेगी।
बृहस्पतिवार को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा था कि वह पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


