पुणे, 18 मार्च (भाषा) कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में अपने पिता संतोष जगदले को गंवा चुकी असवारी जगदले को बुधवार को पुणे महानगरपालिका (पीएमसी) में अधिकारी पद के लिए नियुक्ति पत्र मिला।
नियुक्ति पत्र के मुताबिक असवारी को नगर निकाय में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है, जो कि द्वितीय श्रेणी का पद है।
असवारी के पिता संतोष जगदाले पुणे के निवासी थे और उन 26 पीड़ितों में शामिल थे जिनकी 11 माह पहले आतंकवादियों ने पहलगाम के बैसरन घाटी में हत्या कर दी थी।
महाराष्ट्र सरकार ने इस नरसंहार के बाद राज्य के छह पीड़ितों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी।
असवारी ने हालांकि पिछले महीने सरकारी नौकरी नहीं मिलने पर अपनी निराशा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि उनके पिता की मृत्यु के बाद से परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहा है और उनकी सारी बचत राशि खत्म हो चुकी है।
असवारी की निराशा मीडिया में आने के तुरंत बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीएमसी आयुक्त नवल किशोर राम को उन्हें सरकारी सेवा में शामिल करने का निर्देश दिया था। तदनुसार, असवारी को बुधवार को पीएमसी आयुक्त से नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ।
शिवाजीनगर क्षेत्र में स्थित पुणे महानगरपालिका मुख्यालय में असवारी को नियुक्ति पत्र देने के मौके पर शहर के कई भाजपा नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने असवारी से फोन पर बात की और उन्हें सरकारी नौकरी मिलने पर बधाई दी।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश