मुंबई, 10 मार्च (भाषा) मुंबई में दंत चिकित्सा की एक स्नातकोत्तर छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसने ‘सुसाइड नोट’ में अपने प्रेमी पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 24 वर्षीय स्नातकोत्तर छात्रा स्तुति सोनावाने सोमवार को एंटॉप हिल क्षेत्र स्थित अपने घर में फंदे से लटकी मिली।
उन्होंने कहा कि छात्रा के प्रेमी फजल मोहम्मद खान (31) को मध्य मुंबई के लोअर परेल से गिरफ्तार किया गया है, जो बीमा एजेंट के रूप में काम करता था।
एंटॉप हिल थाने के अधिकारी ने बताया कि मृतका ने अपने कमरे में छह पन्नों का एक कथित ‘सुसाइड नोट’ छोड़ा, जिसमें उसने खान का नाम लिया और लिखा कि वह उसका लगातार उत्पीड़न कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि लड़की के माता-पिता की शिकायत के आधार पर, आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया, जिनमें धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या का मामला तब सामने आया जब सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक सोनावाने अपने कमरे से बाहर नहीं निकली। उसके चिंतित माता-पिता ने उसे आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस पर, उन्होंने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया जहां उनकी बेटी फंदे से लटकी मिली।
अधिकारियों ने बताया कि उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका और वर्ली निवासी आरोपी एक ‘डेटिंग ऐप’ के माध्यम से मिले थे तथा पिछले एक साल से रिश्ते में थे।
भाषा नेत्रपाल प्रशांत
प्रशांत