मुंबई, 25 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश में युवा शक्ति की एकजुटता और लोकतंत्र की एक बड़ी जीत है।
पवार ने कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार 28 दिनों तक युवाओं द्वारा दिखाया गया संघर्ष और दृढ़ संकल्प वास्तव में सराहनीय है।
पवार ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रदर्शनकारियों की मांग के जवाब में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आखिरकार आज इस्तीफा दे दिया। अन्याय के खिलाफ बिना डरे और बिना झुके डटकर संघर्ष किया तथा सरकार को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करने के लिए मजबूर किया। यह देश में युवा शक्ति की एकता की एक बड़ी जीत है।’’
विरोध स्थल का दौरा कर चुके शरद पवार ने समर्थन देने के लिए विपक्षी दलों के सांसदों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने देश के युवाओं को नैतिक और संसदीय, दोनों स्तरों पर भरपूर समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की जीत हुई है और इसका श्रेय निस्संदेह युवा पीढ़ी को जाता है।
प्रधान का इस्तीफा दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच आया है।
प्रदर्शनकारी ‘नीट-यूजी 2026’ प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई की ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर उनकी जवाबदेही तय करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के संचालन में व्यापक सुधारों की मांग कर रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले 10 दिन के घटनाक्रम के कारण वह काफी दुखी हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले दिन से ही नीट प्रश्नपत्र लीक की जिम्मेदारी ली है।’’
भाषा
खारी माधव
माधव