प्रधान का इस्तीफा पहला कदम, न्याय के लिए कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी : सपकाल

Ads

प्रधान का इस्तीफा पहला कदम, न्याय के लिए कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी : सपकाल

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 04:27 PM IST

मुंबई, 25 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा “महज पहला कदम है” और पार्टी की लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक प्रश्नपत्र लीक के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती।

सपकाल ने एक बयान में कहा कि प्रधान के इस्तीफे को लोकतंत्र की जीत मानना ​​जल्दबाजी होगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं बार-बार होने से योग्यता आधारित व्यवस्था कमजोर पड़ी है, भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है और लाखों ईमानदार छात्रों के साथ विश्वासघात हुआ है।

सपकाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) सहित अन्य परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक मामलों की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की।

उन्होंने कहा, “सिर्फ इस्तीफा देने से गलत काम नहीं धुल जाते। जब तक प्रश्नपत्र लीक घोटाले के सूत्रधारों और लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की पहचान करके उन्हें कड़ी सजा नहीं दी जाती, तब तक यह लड़ाई खत्म नहीं होगी।”

सपकाल ने कहा कि प्रधान और अन्य जिम्मेदार लोगों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए तथा उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देशभर के लाखों होनहार और ईमानदार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।”

महाराष्ट्र में कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रधान के इस्तीफे की खबर पर मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि उनकी पार्टी ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन किया था और बाद में छात्रों के आंदोलन ने इस विरोध को एक नयी दिशा दी।

सावंत ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने के युवाओं के संकल्प और उनकी एकता की सराहना की जानी चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और महाराष्ट्र सरकारों पर “छात्र-विरोधी” होने का आरोप लगाया।

सावंत ने परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्रों के देशव्यापी विरोध-प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं ने लोकतंत्र की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित कर दी है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, “इस देश के युवा जाग रहे हैं। उनका संघर्ष न केवल निष्पक्ष परीक्षाओं के लिए है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भी है।”

भाषा पारुल माधव

माधव