नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का दल नेता (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के सूत्रों ने यह जानकारी दी।
रवि बेंगानी 23 जुलाई से दो अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के उप दल नेता होंगे जबकि वंदना राव और राहुल स्वामी भारतीय दल के साथ जनरल टीम मैनेजर के रूप में यात्रा करेंगे।
आईओए की अध्यक्ष पीटी उषा भी शीर्ष प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर ग्लासगो जाएंगी। इस प्रतिनिधिमंडल में आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर और विग्नेश वेंगालिल उज्ज्वल भी शामिल हैं।
राजपाल आईओए की कार्यकारी समिति के सदस्य और अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के उपाध्यक्ष हैं।
कई वर्षों तक भारत की डेविस कप टीम की कप्तानी करने के अलावा उन्होंने भारतीय खेल जगत में प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभाई हैं।
इन नियुक्तियों से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि आईओए ने राजपाल की नियुक्ति को ‘सुरक्षित और कारगर विकल्प’ के रूप में देखा।
उन्होंने कहा, ‘‘रोहित के पास व्यापक प्रशासनिक अनुभव है और विभिन्न खेल महासंघों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। आईओए के अधिकारियों का मानना है कि वह अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभा सकते हैं।’’
सूत्र ने कहा कि राजपाल की शांति के साथ काम करने की शैली और विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और अधिकारियों से उनकी अच्छी जान-पहचान चयन प्रक्रिया के दौरान उनके पक्ष में काम आई।
सूत्र ने कहा, ‘‘वह ऐसे व्यक्ति हैं जो खिलाड़ियों की जरूरतों और महासंघों की कार्यप्रणाली दोनों को समझते हैं। उनकी इस योग्यता को महत्वपूर्ण माना गया।’’
भारतीय प्रतिनिधिमंडल में अपने जमाने के कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को विशेष अतिथि के रूप में शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों में मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम, पूर्व हॉकी कप्तान कमलप्रीत कौर, पूर्व एथलीट सुनैना कुमारी और पूर्व भारोत्तोलक राजलक्ष्मी सिंह देव शामिल हैं।
ग्लासगो राष्ट्रमंडल में कम खेलों को शामिल किया गया है और इसलिए पूरी संभावना है कि भारत छोटा दल भेजेगा।
भाषा पंत नमिता
नमिता