दाम्बुला, नौ जून (भाषा) वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद अपनी पहली पारी में सिर्फ 14 रन ही बना सके लेकिन अनुभवी रुतुराज गायकवाड़ (101) के शतक से भारत ए ने मंगलवार को यहां श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला के मैच में छह विकेट पर 277 रन बनाए।
भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांचवें ओवर में 16 तक ही सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह (02) के विकेट गंवा दिए।
उप कप्तान गायकवाड़ ने इसके बाद 114 गेंद में छह चौकों और तीन छक्कों से 101 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान तिलक वर्मा (60 रन, 97 गेंद, दो चौके, एक छक्का) के साथ चौथे विकेट के लिए 150 रन जोड़कर पारी को संभाला।
मैदान पर तेज हवा चल रही थी और गेंदबाजों को भी पिच से मदद मिल रही थी जिससे बल्लेबाजी करना आसान नहीं था।
गायकवाड़ और तिलक ने हालांकि घरेलू क्रिकेट में अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए उस समय पारी को संभाला जब टीम 69 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।
दोनों बल्लेबाजों ने धीमी शुरुआत के बाद कुछ आकर्षक शॉट खेले।
गायकवाड़ ने स्पिनर विजयकांत वियासकांत पर मिडविकेट पर छक्के के साथ 66 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
अर्धशतक पूरा होने के बाद गायकवाड़ ने रन गति बढ़ाई। तिलक ने अपने साथी को स्ट्राइक देने को तरजीह दी। उन्होंने तेज गेंदबाज गौरुका संकेत पर मिड ऑफ पर छक्के के साथ 86 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
गायकवाड़ ने वानुज सहान पर एक रन के साथ अपना 21वां लिस्ट ए शतक जड़ा लेकिन इसके तुरंत बाद बाएं हाथ के इसी स्पिनर की गेंद पर डीप मिडविकेट बाउंड्री पर कैच दे बैठे।
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (67 रन पर दो विकेट) ने इसके बाद तिलक को भी बोल्ड कर दिया।
आयुष बडोनी (18 गेंद में 24 रन) और सूर्यांश शेडगे (14 गेंद में नाबाद 26) ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके टीम का स्कोर 270 रन के पार पहुंचाया।
इससे पहले सभी की नजरें सूर्यवंशी पर टिकीं थी। उन्होंने तीन चौकों के साथ अपने तेवर दिखाए लेकिन सिराज की गेंद पर मिड ऑफ के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश में सहान अराचचिगे को कैच दे बैठे।
प्रियांश आर्य ने 32 गेंद में 32 रन बनाए लेकिन गायकवाड़ के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए।
भाषा सुधीर
सुधीर