नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सलामी बल्लेबाज जैकब बेथेल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते समय बाएं हाथ की अनामिका उंगली में लगी चोट का इलाज करवाने के लिए इंग्लैंड लौटेंगे।
बेथेल का यह सत्र कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने सात मैचों में सिर्फ 77 रन बनाए जिसमें उनका औसत 13 और स्ट्राइक रेट 124 रहा।
इंग्लैंड एंव वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड इस बात पर सहमत हो गया है कि आरसीबी के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जैकब बेथेल इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते समय चोट लगने के बाद इंग्लैंड लौटेंगे। ’’
बेथेल ने आरसीबी में अपने चोटिल साथी खिलाड़ी फिल सॉल्ट की जगह ली थी। वह इंग्लैंड की उस टेस्ट टीम का हिस्सा हैं जो चार जून से शुरू होने वाली घरेलू सीरीज में न्यूजीलैंड का सामना करेगी।
सॉल्ट आरसीबी की टीम में वापस शामिल हो गए हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘वापसी के बाद इंग्लैंड की मेडिकल टीम उनकी पूरी तरह से जांच और निगरानी करेगी, ताकि यह तय किया जा सके कि वह चार जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए चयन के लिए उपलब्ध हैं या नहीं। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द