बेंगलुरु, 23 मई (भाषा) चौथी वरीयता प्राप्त पेट्र बार बिरयुकोव ने शनिवार को पूर्व विश्व नंबर 40 इल्या इवाश्का को तीन सेटों के एक रोमांचक मुकाबले में हराकर एस एम कृष्णा मेमोरियल ओपन में पुरुषों का एकल खिताब जीत लिया।
बिरयुकोव ने अपने अनुभवी प्रतिद्वंद्वी को 7-6 (0), 4-6, 6-4 से हराया। यह मुकाबला दो घंटे और एक मिनट तक चला।
घरेलू प्रशंसकों के लिए भी खुशी का मौका था क्योंकि आदिल कल्याणपुर और मुकुंद शशिकुमार ने एक शानदार सप्ताह का समापन युगल का खिताब जीतकर किया। उन्होंने बिरयुकोव और कजाकिस्तान के ग्रिगोरी लोमाकिन को 6-7 (3), 6-4, 10-3 से हराया।
अपने पहले एटीपी चैलेंजर खिताब के साथ, आदिल और शशिकुमार ने एक टीम के रूप में 2980 डॉलर और 50 एटीपी अंक अर्जित किए, जबकि उपविजेताओं को 1740 डॉलर और 30 एटीपी अंक मिले।
बिरयुकोव ने एकल विजेता के तौर पर 9,500 डॉलर और 50 एटीपी रैंकिंग अंक अर्जित किए, जबकि इवाश्का को 5,500 डॉलर और 25 एटीपी अंकों से ही संतोष करना पड़ा।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द