सुपर शतरंज क्लासिक: प्रज्ञानानंदा ने गिरि को बराबरी पर रोका; कीमर ने खिताब जीता

Ads

सुपर शतरंज क्लासिक: प्रज्ञानानंदा ने गिरि को बराबरी पर रोका; कीमर ने खिताब जीता

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 10:12 PM IST

बुकारेस्ट, 23 मई (भाषा) ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने शनिवार को यहां अंतिम दौर में अनीश गिरि के खिलाफ आसान ड्रॉ खेलकर अपने अभियान का समापन किया, जबकि विन्सेंट कीमर ने जोरडेन वान फोरेस्ट को हराकर सुपर शतरंज क्लासिक का खिताब अपने नाम कर लिया।

अंतिम दौर में अमेरिका के फेबियानो कारुआना के साथ संयुक्त बढ़त पर चल रहे कीमर के पास खिताब जीतने का शानदार मौका था और उन्होंने वान फोरेस्ट को पराजित कर इसे भुना लिया।

कीमर ने प्रतियोगिता का समापन छह अंकों के साथ किया। उन्होंने चार जीत, चार ड्रॉ और केवल एक हार का सामना किया।

कारुआना ने मैक्सिम वाशिये-लाग्रेव के खिलाफ ड्रॉ खेला और 5.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

अमेरिका के वेस्ली सो ने अंतिम दौर में सिंदारोव के साथ आसान ड्रॉ खेला और दोनों पांच-पांच अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।

इसके बाद पांच खिलाड़ियों प्रज्ञानानंदा, गिरि, वान फोरेस्ट, वाशिये-लाग्रेव और रोमानिया के डिएक बोगदान-डेनियल ने एक समान 4.5 अंकों के साथ प्रतियोगिता समाप्त की।

अलीरेजा फिरोजा, जिन्होंने पांचवें दौर के बाद एक अंक के साथ प्रतियोगिता से नाम वापस ले लिया था, चार वॉकओवर देने के कारण तालिका में सबसे नीचे रहे।

अंतिम दौर में गिरि काफी निराश नजर आए और उन्होंने सफेद मोहरों से खेलते हुए भी प्रज्ञानानंदा के खिलाफ ज्यादा जोखिम नहीं लिया।

गिरी की शुरुआती चालों के बाद प्रज्ञानानंदा ने 31 चालों के बाद आसानी से बराबरी हासिल कर ली।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता