नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) सूरज सिंह और सागर सिंह के रजत पदकों से भारत ने शनिवार को यहां अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के पहले दिन पांच पदक जीतकर अपने ग्रीको-रोमन अभियान की शानदार शुरुआत की।
सचिन कुमार (77 किग्रा), रोहित (97 किग्रा) और हरदीप (130 किग्रा) ने अपने वजन वर्ग में कांस्य पदक जीतकर इस सूची में और पदक जोड़े।
सूरज ने 60 किग्रा वर्ग में फाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन स्वर्ण पदक के मुकाबले में कजाखस्तान के ऐबेक ऐतबेकोव से 0-4 से हार गए।
67 किग्रा वर्ग में, सागर ने भी पूरे टूर्नामेंट में काबिले-तारीफ प्रदर्शन किया। हालांकि, फाइनल में उन्हें उज्बेकिस्तान के ऐतजान खलमाखानोव के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता (0-9) से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।
सचिन ने 77 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता, वह कजाखस्तान के अलीखान दुरसुनोव से 3-10 से हार गए थे।
वहीं रोहित 97 किग्रा वर्ग में उज्बेकिस्तान के बेखरूज बर्नोएव से कड़े मुकाबले में 3-5 से हारकर पदक से चूक गए।
हरदीप भी 130 किग्रा के मुकाबले में पीछे रह गए और कजाखस्तान के जोखर उजारोव से 0-4 से हार गए।
विनीत (72 किग्रा) और अमित गोपे (82 किग्रा) अपने-अपने विरोधियों से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। विनीत उज्बेकिस्तान के शाहजोद कुचकोरोव से 6-9 से हारे, जबकि अमित ताजिकिस्तान के मुहम्मद सुल्तानजोदा से तकनीकी श्रेष्ठता (0-10) से हार गए।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द