व्‍यापारी ने की आत्‍महत्‍या, मौके पर मिले पत्र में बसपा नेतृत्व पर आरोप

Ads

व्‍यापारी ने की आत्‍महत्‍या, मौके पर मिले पत्र में बसपा नेतृत्व पर आरोप

  •  
  • Publish Date - October 29, 2020 / 01:00 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

गाजीपुर, 29 अक्‍टूबर (भाषा) गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र के महाराजगंज निवासी बर्तन व्‍यवसायी मुन्‍नू प्रसाद (62) ने कोई जहरीला पदार्थ खाकर कथित तौर पर आत्‍महत्‍या कर ली। उसके शव के पास से कथित तौर पर मिले एक पत्र में बहुजन समाज पार्टी नेतृत्व पर प्रत्‍याशी बनाने के लिए रुपये की मांग का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस वजह से वह चुनाव नहीं लड़ सकता और आत्‍महत्‍या कर रहा है।

इस संदर्भ में अपर पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह पत्र किसने लिखा, जब तक फ़ोरेंसिक जाँच नहीं हो जाती, कुछ कहा नहीं जा सकता है। घटना मंगलवार की है।

मिली जानकारी के मुताबिक मुन्‍नू प्रसाद की पत्‍नी अपने दो पुत्रों के साथ मुंबई रहती हैं जबकि तीसरा पुत्र दीपक कुमार घर पर रहकर पिता के व्‍यवसाय में हाथ बंटाता है। मंगलवार सुबह दीपक जब चाय लेकर पिता के कमरे में गया तो वह चारपाई पर मृत पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना मिलने पर महाराजगंज चौकी प्रभारी राजेश मिश्र और कोतवाल विमल मिश्र भी पहुंच गये। उन लोगों ने बारीकी से निरीक्षण करके शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस संदर्भ में अपर पुलिस अधीक्षक गोपीनाथ सोनी ने कहा कि मृतक के पास से मिले पत्र की जांच की जा रही है और हर पहलू से जांच करने के बाद ही पत्र के बारे में कुछ कहा जा सकता है।

उधर, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्‍यक्ष गुड़डू राम का कहना है कि मुन्‍नू प्रसाद से बसपा का कुछ लेना देना नहीं है जबकि उनके पड़ोसियों का कहना है कि वह बहुजन समाज पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होते थे और दावा करते थे कि उन्‍हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिलेगा।

भाषा सं आनन्‍द अमित

अमित