अखिलेश ने छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की

अखिलेश ने छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की

अखिलेश ने छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की
Modified Date: September 3, 2025 / 05:01 pm IST
Published Date: September 3, 2025 5:01 pm IST

लखनऊ, तीन सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को उन वायरल वीडियो को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला, जिनमें पुलिसकर्मी छात्रों और कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर पीटते हुए दिख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सत्तासीन लोग युवाओं को निशाना बनाकर अंदरूनी सत्ता संघर्ष में उलझे हुए हैं।

यादव ने ‘एक्स’ पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें से एक तस्वीर में पुलिसकर्मी विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पिटाई करते दिख रहे हैं जबकि दूसरी तस्वीर गोरखपुर में भाजपा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की है।

यादव ने लिखा, ”भाजपावाले इसी तरह बहलाते हैं… पहले आपसी झगड़े में खुद ही पिटवाते हैं… फिर दिखावटी माफी मांगने के लिए कान में फुसफुसाते हैं… उसके बाद जख्मों पर बातों का मरहम लगाते हैं।”

उन्होंने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए लिखा, ”छात्र पूछ रहे हैं ‘मुख्य’ पिटवा रहे हैं, ‘उप’ पिटों का हाल पूछने आ रहे हैं… आख़िर ये मामला क्या है? छात्र कराहते हुए आपस में बुदबुदा रहे हैं कि ‘या तो दोनों मिले हैं या भिड़े हैं।”

सपा प्रमुख ने कहा, ”जानकार कह रहे हैं दरअसल ये सत्ताधारियों के बीच अपना वर्चस्व साबित करने की अंदरूनी लड़ाई है। ये ‘परिषद’ बनाम ‘वाहिनी’ के दो पाटों के बीच पिस रहे और पिट रहे लोगों का मामला है।”

उन्होंने कहा, ”इस ऐतिहासिक पिटाई और घर-घर तक पहुंच चुके ‘घनघोर पिटाई के वीडियो’ के बाद ये छात्र सोच रहे हैं कि अब किस मुंह से हम कहेंगे कि हम सत्ताधारी लोगों के खेमे के हैं।”

यादव ने लिखा, “इस पिटाई ने उनकी पोर-पोर ही नहीं बल्कि आंखें भी खोल दी हैं और अब वो भी कह रहे हैं, ये बात तो सच निकली कि ‘भाजपा किसी की सगी नहीं है।”

यादव ने भाजपा सरकार से घायलों का समुचित इलाज करवाने और 1-1 लाख का मुआवजा देने की मांग की।

यादव द्वारा साझा की गईं तस्वीरों में गोरखपुर की तस्वीरें शामिल हैं, जहां भाजपा और सपा कार्यकर्ता संपत्ति विवाद को लेकर भिड़ गए थे।

इसके अलावा, बाराबंकी में विरोध प्रदर्शन के दौरान वर्दीधारी पुलिसकर्मियों द्वारा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं समेत छात्रों की पिटाई का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। भाषा जफर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में