बरेली (उप्र) आठ मई (भाषा) मीरगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डीसी वर्मा का 24 वर्षीय भतीजा श्री राममूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) मेडिकल कॉलेज से लापता हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विधायक का भतीजा अंकित एसआरएमएस में एम. फार्मा अंतिम वर्ष का छात्र है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, वह बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे छात्रावास से मंदिर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने बताया कि अंकित अपना मोबाइल फोन और लैपटॉप कमरे में ही छोड़ गया, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा।
भोजीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजीव कुमार ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए कई टीम गठित की गई हैं। पुलिस ने कॉलेज व आसपास के सीसीटीवी खंगाले हैं। शुरुआती फुटेज में अंकित छात्रावास से निकलकर नैनीताल रोड की ओर जाता दिखा है। इसके बाद कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस अंकित के सहपाठियों, वार्डन और छात्रों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र किसी तनाव में तो नहीं था।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष