लखनऊ, 16 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के जन भवन में रविवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ रुद्राभिषेक का आयोजन विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। जन भवन की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान शिव का विधिवत पूजन और अभिषेक किया तथा लोक मंगल की कामना की।
रुद्राभिषेक के दौरान जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से मंत्रोच्चारण, पूजन और आरती में हिस्सा लिया।
पूजन संपन्न होने के बाद राज्यपाल ने रुद्राभिषेक में शामिल प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की।
पटेल ने सभी का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनके घर-परिवार का कुशलक्षेम जाना और उनके सुख-स्वास्थ्य की जानकारी ली।
बयान में कहा गया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन में रुद्राभिषेक के आयोजन की परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है। इसमें जन भवन के अधिकारी और कर्मचारी अपने परिजनों के साथ सामूहिक रूप से श्रद्धापूर्वक हिस्सा लेते हैं।
भाषा
आनन्द रवि कांत