आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे

Ads

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 09:40 PM IST

गोरखपुर, 14 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत शनिवार शाम संगठन के शताब्दी वर्ष कार्यक्रमों के सिलसिले में तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर पहुंचे। वह हवाई मार्ग से शहर पहुंचे और यहां उनका माधव धाम स्थित संघ कार्यालय में प्रवास है। आरएसएस के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आरएसएस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अपने प्रवास के दौरान, भागवत कई बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को आरएसएस प्रमुख सुबह 9:30 बजे एक सामाजिक सद्भाव बैठक को संबोधित करेंगे, जिसमें प्रांत भर से विभिन्न जातियों, समुदायों और सामाजिक समूहों के प्रमुख सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। वह प्रतिभागियों से बातचीत करेंगे और सामाजिक सद्भाव तथा एकता पर अपने विचार भी साझा करेंगे।

बाद में उसी दिन भागवत अपराह्न तीन बजे एक प्रमुख जनगोष्ठी में भाग लेंगे, जो समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिष्ठित नागरिकों का एक सम्मेलन है। जनगोष्ठी में चर्चा का मुख्य विषय विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय और सहयोग को मजबूत करना होगा।

सूत्रों ने बताया कि 16 फरवरी को भागवत सुबह 9:30 बजे से जिला, मंडल और प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ शताब्दी वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए बैठक करेंगे। शाम पांच बजे वह आरएसएस गोरखपुर मंडल द्वारा आयोजित कुटुंब स्नेह मिलन में शामिल होंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे, जहां आरएसएस के पदाधिकारी और उनके परिवार उपस्थित रहेंगे।

सभी कार्यक्रम तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ सभागार में आयोजित किए जाएंगे और प्रवेश केवल आमंत्रित प्रतिभागियों के लिए ही सीमित रहेगा। आरएसएस सूत्रों के अनुसार, भागवत 16 फरवरी की रात गोरखपुर से रवाना होंगे।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत