उप्र : लखनऊ में गोली मारकर पिता की हत्या, आरोपी बेटा हिरासत में

Ads

उप्र : लखनऊ में गोली मारकर पिता की हत्या, आरोपी बेटा हिरासत में

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 01:03 AM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 01:03 AM IST

लखनऊ, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना इलाके में कथित तौर पर एक युवक ने गुस्से में आकर अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर दिए। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रांत वीर ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान मानवेंद्र सिंह (50) के रूप में हुई है, जिनकी हत्या उनके बेटे अक्षत सिंह (19) ने की थी।

विक्रांत वीर ने बताया कि आशियाना पुलिस थाना में दर्ज मानवेंद्र सिंह के लापता होने के मामले की जांच के तहत पुलिस ने अक्षत प्रताप सिंह से गहन पूछताछ की।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपी ने स्वीकार किया कि 20 फरवरी को लगभग सुबह 4:30 बजे पिता और पुत्र के बीच किसी बात पर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने अपने पिता को गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद, सबूत छिपाने के लिए, आरोपी ने मृतक के शरीर को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर भूतल के एक खाली कमरे में रख दिया। ऐसा आरोप है कि शरीर के अंगों को काटकर फेंक दिया गया और शेष धड़ को एक ड्रम में छिपा दिया गया।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की गहन जांच कर सबूत जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

अरुणव आनन्द

रवि कांत