बरेली (उप्र), आठ मई (भाषा) बरेली जिले में एक स्कूल परिसर के पास कुएं में गिरने से छह वर्षीय छात्र की मौत के मामले में पुलिस ने स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और दो शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार को भूता थाना क्षेत्र के अदीनापुर गांव में हुई। कक्षा दो का छात्र लविश पास में लगे नल से पानी पीने गया था, तभी फिसलकर कुएं में गिर गया।
बच्चे के पिता टिंकू बाबू की शिकायत के अनुसार, लविश के छोटे भाई अनुज ने स्कूल के प्रधानाचार्य चिरोंजी लाल, शिक्षक नरेंद्र पाल और शिक्षिका शिल्पी को लविश के कुएं में गिरने की सूचना दी। आरोप है कि उन्होंने ध्यान नहीं दिया और मोबाइल में व्यस्त रहे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब तक ग्रामीण और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, बच्चा डूब चुका था। उन्होंने बच्चे की मौत के लिए स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
भूता थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) रविंद्र कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य चिरोंजी लाल और शिक्षक नरेंद्र पाल व शिल्पी के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।
फरीदपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों ने बच्चे को कुएं से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
सीओ ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द आशीष
आशीष