देवरिया में पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या, दो बच्चे घायल

देवरिया में पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या, दो बच्चे घायल

देवरिया में पारिवारिक विवाद में महिला की हत्या, दो बच्चे घायल
Modified Date: April 16, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: April 16, 2026 9:51 pm IST

देवरिया (उप्र), 16 अप्रैल (भाषा) देवरिया जिले के रामपुर बनहर गांव में पारिवारिक विवाद के कारण 42 वर्षीय एक महिला की उसके भतीजे ने कथित तौर पर फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बीच-बचाव करने की कोशिश में दो बच्चे भी घायल हो गए।

मृतक महिला की पहचान उमेश विश्वकर्मा की पत्नी रविता देवी के रूप में हुई है जिसका पति वर्तमान में विदेश में कार्यरत है।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात आपस में रिश्तेदार दो परिवारों के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष के युवक ने रविता देवी पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘गंभीर रूप से घायल रविता देवी मौके पर ही गिर पड़ीं। उन्हें तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’’

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) संजय रेड्डी और महुआडीह थाना प्रभारी अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद मुख्य आरोपी और उसके परिवार के अन्य पुरुष सदस्य फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी की मां और बहन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

सीओ संजय रेड्डी ने कहा, ‘‘यह हत्या पारिवारिक विवाद का नतीजा है। आरोपी ने अपनी चाची पर फावड़े से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।’’

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

भाषा सं जफर खारी

खारी


लेखक के बारे में