(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क, नौ अप्रैल (भाषा) वरिष्ठ राजनयिक प्रीति सरन को संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकार समिति (सीईएससीआर) के लिए फिर से चुना गया है। उनका नया कार्यकाल 2027 से शुरू होगा और यह तीन साल का होगा।
जटिल वैश्विक सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों के बीच, इस वैश्विक संस्था का कुशल नेतृत्व करने में उनकी विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए उन्हें समिति के लिए फिर से चुना गया है।
राजदूत सरन वर्तमान में समिति की अध्यक्ष हैं। यह समिति आर्थिक और सामाजिक अधिकारों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय समझौतों को सदस्य देशों द्वारा लागू किये जाने के तरीकों की निगरानी करती है।
समिति संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग के तहत संचालित होती है।
भारतीय विदेश सेवा में अपने 36 वर्षों के शानदार करियर के दौरान, राजदूत सरन ने भारत में और एशिया, अफ्रीका, यूरोप तथा अमेरिका स्थित भारतीय मिशन में विभिन्न उच्च-स्तरीय पदों पर सेवा दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों से संबंधित समिति के सदस्य के रूप में फिर से चुने जाने पर गर्व महसूस हो रहा है।’’
भाषा सुभाष पवनेश
पवनेश