कीव, 29 अप्रैल (एपी) रूस के भीतर स्थित एक अन्य तेल संयंत्र में बुधवार को आग लग गई, जिसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि यह उनके देश द्वारा किया गया लंबी दूरी का नवीनतम ड्रोन हमला है।
रूसी मीडिया के अनुसार, यह तेल प्रतिष्ठान रूस के पर्म क्षेत्र में, यूराल पर्वत श्रृंखला में यूक्रेन से 1,500 किलोमीटर (900 मील) से अधिक दूर स्थित है। कुछ अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि यह एक ‘पंपिंग स्टेशन’ और भंडारण परिसर है।
पर्म के गवर्नर दिमित्री माखोनिन ने केवल इतना कहा कि एक ड्रोन ने एक औद्योगिक परिसर पर हमला किया, जिससे आग लग गई।
रूसी अधिकारी यूक्रेन के उन दावों पर खुलकर जवाब नहीं दे रहे हैं कि कीव अधिक लंबी दूरी के हमले कर रहा है और उसके द्वारा घरेलू स्तर पर विकसित ड्रोन तेजी से अधिक सटीक होते जा रहे हैं।
दोनों देशों के बीच चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में उन्नत ड्रोन प्रौद्योगिकी एक निर्णायक विशेषता बन गई है।
जेलेंस्की ने बुधवार को टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक शहरी क्षेत्र के पास ग्रामीण इलाके में आसमान में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता दिखाई देता है।
यह स्पष्ट किए बिना कि यह पर्म पर हुआ हमला है या किसी और जगह पर हुआ हमला है, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन लंबी दूरी के अपने हमलों का दायरा बढ़ा रहा है। उन्होंने इसे रूस की युद्ध छेड़ने की क्षमता को सीमित करने के प्रयासों का एक नया चरण बताया, ताकि उसे महत्वपूर्ण तेल राजस्व से वंचित किया जा सके।
वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना संभव नहीं हो पाया।
जेलेंस्की ने हमलों की सटीकता के लिए यूक्रेन की सुरक्षा सेवा को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, “सीधी रेखा में दूरी 1,500 किलोमीटर से अधिक है। हम इन सीमाओं को बढ़ाते रहेंगे।”
यह हमला यूक्रेन द्वारा काला सागर में स्थित तुआपसे तेल रिफाइनरी और टर्मिनल पर दो सप्ताह से भी कम समय में तीसरी बार हमला किए जाने के एक दिन बाद हुआ।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रात भर में रूसी क्षेत्रों और क्रीमिया के ऊपर 98 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि उसने रूस द्वारा रात भर में दागे गए 171 ड्रोन में से 154 को मार गिराया।
एपी नेत्रपाल मनीषा
मनीषा